Breaking

मंगलवार, 5 अप्रैल 2022

करनैलगंज से हुआ जनपद स्तरीय स्कूल चलो अभियान का आगाज।

करनैलगंज गोण्डा। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा पांच वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु शुरू किये गये स्कूल चलो अभियान का शुभारम्भ बड़े ही धूमधाम से हुआ। 
     

 कम्पोजिट विद्यालय करनैलगंज में आयोजित जिला स्तरीय स्कूल चलो अभियान के इस कार्यक्रम का शुभारम्भ क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार सिंह एवं सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित करके किया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करनैलगंज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परसपुर की छात्राओं ने अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने दोनों विधायकों का स्वागत किया। अपने संबोधन में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि दो वर्ष के कोरोना काल में शिक्षा को काफी क्षति हुई है। इसलिए हम सबका दायित्व है कि शत प्रतिशत बच्चों का नामांकन विद्यालयों में करायें। विधायक अजय कुमार सिंह ने भी बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन पर बल देते हुए हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। सदर विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह ने कहा कि गोण्डा जनपद के 75 प्रतिशत परिषदीय विद्यालयों का काया कल्प हो चुका है। शेष विद्यालयों का भी अभियान चलाकर काया कल्प किया जायेगा। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि जिन विद्यालयों का काया कल्प नहीं हुआ है उनकी सूची बनाकर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन के लिए जनपद के सभी जनप्रतिनिधि सहयोग करेंगे। उन्होंने स्वयं तथा विधायक अजय कुमार सिंह से प्रति शनिवार बच्चों के घर जाकर उन्हें विद्यालय लाने के लिए प्रेरित करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन रघुनाथ पाण्डेय और मोहम्मद इरफान ने किया। इस मौके पर नपाप करनैलगंज के पूर्व अध्यक्ष रामजीलाल मोदनवाल, कन्हैयालाल वर्मा, दिनेश कुमार सिंह, हेवेन्द्र सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें